July 23, 2026

सक्ती गोलीकांड का खुलासा, 3 आरोपी पिस्टल और मैगजीन के साथ गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। सक्ती जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में 23 अप्रैल को हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, मैगजीन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक आयुष कश्यप के परिवार से पैसों के लेन-देन, व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा और क्षेत्र में बढ़ते प्रभाव के कारण हत्या की साजिश रची गई थी।

7 राज्यों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साइबर सेल और आसूचना टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने गुजरात, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर सहित सात राज्यों में दबिश दी।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने सक्ती जिले के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 23 वर्षीय भूषण बघेल, 23 वर्षीय हेमंत कुमार बघेल और 28 वर्षीय अमित टंडन शामिल हैं। आरोपियों के पास से एक पिस्टल, मैगजीन, अतिरिक्त खाली मैगजीन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

क्या था पूरा मामला?

घटना 23 अप्रैल की रात करीब 12 बजे की है। तीन नकाबपोश हमलावर व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे। घर में घुसने के बाद आरोपी उस कमरे में पहुंचे, जहां आयुष कश्यप, उसका भाई और बहन सो रहे थे।

हमलावरों ने 19 वर्षीय आयुष कश्यप पर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली उसके सीने में और दूसरी कनपटी पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आशुतोष कश्यप पर भी एक राउंड फायर किया गया, जो उसके दाहिने हाथ में लगी। घटना के दौरान पैसों की मांग किए जाने की बात भी सामने आई थी।

घायल आशुतोष को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया था।

राजनीति से जुड़ा है परिवार

मृतक आयुष कश्यप, व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप का बेटा था। सम्मेलाल कश्यप लोहा कारोबारी होने के साथ ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी हैं। वे पूर्व में उपसरपंच रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी भी पूर्व सरपंच रह चुकी हैं। बताया जा रहा है कि आयुष हाल ही में रेत कारोबार से भी जुड़ा था।