May 15, 2026

CG News : वेदांता प्लांट हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, 30 दिन में रिपोर्ट; कांग्रेस ने भी बनाई समिति

रायपुर। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित Vedanta Power Plant में 14 अप्रैल को हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे की जांच के लिए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने डभरा एसडीएम को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 30 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश में जांच अधिकारी को घटना से जुड़े कई अहम पहलुओं की पड़ताल करने को कहा गया है। इनमें हादसा कब और कैसे हुआ, घटना के समय मौके पर कितने मजदूर मौजूद थे, मृतकों और घायलों की संख्या व पहचान, और हादसे के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच शामिल है।

इन बिंदुओं पर होगी जांच
जांच में यह भी देखा जाएगा कि औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा प्लांट का कब-कब निरीक्षण किया गया था और क्या निरीक्षण के दौरान कोई खामियां सामने आई थीं। यदि खामियां मिली थीं, तो उन पर क्या कार्रवाई की गई। इसके अलावा यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि हादसा तकनीकी कारणों से हुआ या मानवीय लापरवाही से, और इसके लिए जिम्मेदार कौन हैं।

प्रशासन ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव और उपाय भी रिपोर्ट में शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस ने भी बनाई जांच समिति
इस बीच Chhattisgarh Pradesh Congress Committee ने भी इस हादसे को लेकर अपनी जांच समिति गठित की है। प्रदेश अध्यक्ष Deepak Baij के निर्देश पर पूर्व मंत्री Jai Singh Agrawal के नेतृत्व में 9 सदस्यीय टीम बनाई गई है।

यह समिति प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर घटनास्थल का जायजा लेगी और अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी। समिति में कई विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल किए गए हैं, जो पूरे मामले की जमीनी हकीकत सामने लाने का काम करेंगे।

हादसे के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल
गौरतलब है कि इस भीषण हादसे में कई मजदूरों की जान गई और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद से प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अब मजिस्ट्रियल जांच और राजनीतिक स्तर पर बनी समितियों की रिपोर्ट से पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।