सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित Vedanta Power Plant में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। हादसे में अब तक 14 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 33 लोग घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल 4 मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित प्लांट में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ, जब अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
मुआवजे का ऐलान
हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपए और घायलों को 15 लाख रुपए देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने और मृतकों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर भी सहमति बनी है।
वहीं मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही सभी घायलों के निःशुल्क इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल में बढ़ा मौत का आंकड़ा
इलाज के दौरान एक और मजदूर की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। 26 से अधिक घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों का हंगामा, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद प्लांट गेट के बाहर मजदूरों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने एम्बुलेंस को रोककर घायलों को दिखाने की मांग की और जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जांच के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।





