July 31, 2026

Sakti News: दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश बाइक सवार आरोपी फरार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दो नकाबपोश बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना जोंगरा गांव की है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह हर्बल लाइफ के उत्पादों का व्यवसाय करती थीं।

बाइक से पहुंचे, गोली मारकर फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक बाइक पर सवार होकर घटनास्थल पहुंचे। दोनों ने अपना चेहरा ढक रखा था। आरोपियों ने पूर्णिमा चौहान पर गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।