September 4, 2026

Salman Khan Ex Girlfriend Somy Ali Message: सोमी अली ने सलमान खान को दी बिश्नोई समाज से माफी मांगने की सलाह, कहा- ‘ईगो छोड़ दो, अभी भी वक्त है’

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली ने उन्हें बिश्नोई समाज से माफी मांगने की सलाह दी है। निधि वासंदानी को दिए एक इंटरव्यू में सोमी अली ने कहा कि अगर उन्हें सलमान खान के सामने बैठकर बात करने का मौका मिले तो वह उन्हें अपना ईगो छोड़कर बिश्नोई समाज के मंदिर में जाकर माफी मांगने के लिए कहेंगी।

सोमी अली ने दावा किया कि वह सलमान खान से पहले ही संपर्क करने की कोशिश कर चुकी हैं। उन्होंने कहा, “मैंने सलमान को टेक्स्ट मैसेज किया था। मेरे पास उनका एक प्राइवेट नंबर है। मैंने उनसे कहा कि अभी भी वक्त है, आप बिश्नोई के मंदिर में जाकर माफी मांगिए और जो आपने औरतों के साथ गलत किया है, उसके लिए भी माफी मांगिए। अपनी ईगो को पीछे छोड़ दीजिए।”

बता दें कि सलमान खान लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकियों के बीच सुरक्षा घेरे में हैं। उनके मुंबई स्थित घर के बाहर गोलीबारी की घटना भी सामने आ चुकी है। इस घटना के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

ब्रेकअप के बाद सलमान पर लगाए गंभीर आरोप

सोमी अली और सलमान खान का रिश्ता 90 के दशक में काफी चर्चा में रहा था। दोनों के ब्रेकअप के बाद सोमी कई बार सलमान खान पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं। उन्होंने अभिनेता पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए हैं।

अब सलमान खान को मिल रही धमकियों के बीच सोमी अली का यह बयान एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोमी ने सलमान को बिश्नोई समाज से माफी मांगने और विवाद को खत्म करने की दिशा में कदम उठाने की सलाह दी है।