मुंबई। आज 28 मई को देशभर में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपने फैंस को शानदार ईदी दी है। सलमान खान ने अपनी अपकमिंग वॉर ड्रामा फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का नया गाना ‘मैं हूं…’ सोशल मीडिया पर रिलीज कर दिया है।
चित्रांगदा सिंह संग दिखी सलमान की रोमांटिक केमिस्ट्री
रिलीज हुए इस गाने में सलमान खान अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के साथ रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। गाने में दोनों की भावनात्मक केमिस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। ‘मैं हूं…’ गाने को मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल ने अपनी सुरीली आवाज दी है, जिसने गाने को और भी खास बना दिया है।
गाने की कहानी में चित्रांगदा सिंह अपने पति यानी सलमान खान के किरदार को याद करती दिखाई देती हैं, जो देश की रक्षा के लिए बॉर्डर पर तैनात है। रोमांस और देशभक्ति से भरपूर यह गाना दर्शकों को भावुक कर रहा है।
युद्ध और शांति का संदेश देगी फिल्म
सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बन रही ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को सलमान खान प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। फिल्म बहादुरी, बलिदान और देशभक्ति की भावनाओं से जुड़ी एक दमदार कहानी पेश करेगी।
फिल्म के बदले हुए नाम ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के पीछे भी खास संदेश छिपा है। यह नाम युद्ध की भयावहता के बीच शांति की उम्मीद और इंसानियत को बचाने की सोच को दर्शाता है। फिल्म में बलिदान के साथ-साथ मानवीय भावनाओं को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा।





