July 31, 2026

समोदा भाजपा पार्षदों के कथित इस्तीफे का पत्र वायरल, कांग्रेस ने घेरा; उपाध्यक्ष बोले- लेटर पूरी तरह फर्जी

रायपुर। नगर पंचायत समोदा के भाजपा पार्षदों के कथित सामूहिक इस्तीफे का एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस पत्र को सोशल मीडिया पर साझा कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा, वहीं नगर पंचायत समोदा के उपाध्यक्ष अंगेश्वर देवांगन ने पत्र को पूरी तरह फर्जी बताते हुए इस्तीफे की बात से इनकार किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि विकास के दावों के बीच भाजपा के ही निर्वाचित पार्षदों द्वारा कथित रूप से सामूहिक इस्तीफा देना सरकार के दावों पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास कार्य ठप हैं, अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुन रहे हैं और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। बैज ने कहा कि यदि सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधि ही व्यवस्था से परेशान हैं, तो प्रदेश में विकास की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाती है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पत्र में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अंगेश्वर देवांगन सहित भाजपा के पांच पार्षदों के नाम दर्ज हैं। पत्र में प्रशासनिक कार्यप्रणाली, शासकीय कर्मचारियों के कथित उत्पीड़न और विकास कार्य नहीं होने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री से सामूहिक इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया गया है। पत्र में वार्डों में नल, नाली और जल निकासी जैसे बुनियादी कार्य नहीं होने का भी दावा किया गया है।

हालांकि, नगर पंचायत समोदा के उपाध्यक्ष अंगेश्वर देवांगन ने इस पत्र को पूरी तरह फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने और न ही किसी भाजपा पार्षद ने इस्तीफा दिया है। उनके अनुसार यह विपक्ष की साजिश है और वायरल किया गया लेटरपैड भी फर्जी है। भाजपा पार्षद विक्रांत सोनकर ने भी इस्तीफे की खबरों को निराधार बताते हुए किसी भी तरह का इस्तीफा देने से इनकार किया है।