आयोजित चार कैंपों में शामिल हो चुकी हैं.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को राज्य शासन ने बड़ी उपलब्धि पर सम्मानित किया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से उन्हें 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव के निवास कार्यालय में आयोजित समारोह में यह सम्मान दिया गया।
प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी राशि
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार किसी खिलाड़ी को इतनी बड़ी प्रोत्साहन राशि दी गई है। उन्होंने संजू देवी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने खेल से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन
संजू देवी छत्तीसगढ़ की पहली अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने कबड्डी विश्वकप और एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। मार्च 2025 में ईरान में आयोजित एशियन चैंपियनशिप और नवंबर 2025 में बांग्लादेश में हुए विश्वकप में उन्होंने टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। विश्वकप में उन्हें ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ भी चुना गया था।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली 23 वर्षीय संजू एक श्रमिक परिवार से आती हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बीच मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। जुलाई 2023 से वह बिलासपुर के बहतराई स्थित आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव मदद कर रही है।
युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
संजू देवी की सफलता प्रदेश के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर सफलता पाने के लिए मानसिक मजबूती और निरंतर अभ्यास जरूरी है।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोच दिल कुमार राठौर सहित कई खिलाड़ी और अधिकारी मौजूद रहे।





