September 4, 2026

जातिगत जनगणना पर संतोष पांडे का राहुल गांधी पर हमला, बोले- पहले अपनी जाति बताएं

रायपुर। जातिगत जनगणना को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखे जाने पर भाजपा सांसद संतोष पांडे ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले यह स्पष्ट करें कि वे किस जाति से हैं।

संतोष पांडे ने सवाल करते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी पारसी हैं? देश को यह बताना चाहिए कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की जाति क्या है। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है, लेकिन पहले कांग्रेस नेताओं को अपनी जाति के बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

आदिवासी कांग्रेस की बैठक पर भी साधा निशाना

छत्तीसगढ़ में होने वाली आदिवासी कांग्रेस की बैठक को लेकर भी सांसद संतोष पांडे ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी आदिवासियों का शोषण करती है और उन्हें अपमानित करने के साथ जेल भेजने का काम करती है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय आदिवासियों की क्या स्थिति थी, यह सभी जानते हैं।

भाजपा की मैराथन बैठक पर बोले- शांति काल में भी युद्ध के लिए तैयार

भाजपा की मैराथन बैठकों को लेकर संतोष पांडे ने कहा कि पार्टी लगातार अपने ‘शस्त्रों को मांजती’ रहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा शांति काल में भी युद्ध के लिए तैयार रहती है।

उन्होंने बताया कि बैठकों में अलग-अलग कार्यक्रमों की समीक्षा की जा रही है और आने वाले दिनों के लिए पार्टी की रणनीति तैयार की जा रही है।