March 4, 2026

सारंगढ़-बिलाईगढ़: बांध के पास तेंदुए के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने दी सतर्कता की सलाह

सारंगढ़-बिलाईगढ़: केडार-सुरली मार्ग स्थित बांध के पास बुधवार शाम एक तेंदुए के दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेंदुआ बांध के किनारे आराम से टहलता और चट्टान पर बैठा नजर आ रहा है, जिससे लोगों में डर और दहशत का माहौल पैदा हो गया है।

केडार निवासी नरेश जाटवर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से आसपास के जंगल में वन्य जीवों की गतिविधि बढ़ गई है। बांध और जंगल से लगे इलाकों में लोगों की आवाजाही अधिक होने के कारण खतरा भी बढ़ गया है। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तेंदुए के स्पष्ट पदचिन्ह भी पाए गए।

एसडीओ अंकित कुमार ने बताया कि यह क्षेत्र गोमार्डा अभ्यारण से जुड़ा वन क्षेत्र है, जहां तेंदुओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। भोजन और सुरक्षित आवास की तलाश में तेंदुए आबादी वाले क्षेत्रों के पास भी दिखाई देने लगे हैं। यह वन्य जीव संरक्षण की दृष्टि से सकारात्मक संकेत है, लेकिन सतर्कता बरतना जरूरी है। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और ग्रामीणों को शाम के समय जंगल व बांध क्षेत्र में अकेले न जाने की चेतावनी दी गई है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वन्य जीव की गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें और सोशल मीडिया में अफवाहों से बचें। वायरल वीडियो की तकनीकी जांच भी की जा रही है, ताकि तेंदुए की गतिविधियों का सटीक आकलन किया जा सके।