सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कृषि विभाग कार्यालय में एक अधिकारी द्वारा पत्रकार और वकील के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मांगने पर भड़के अधिकारी
आरोप है कि पत्रकार पोषराम साहू किसान सम्मान निधि की राशि से जुड़ी जानकारी लेने कृषि विभाग कार्यालय पहुंचे थे। जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही, जिससे ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (REO) प्रवीण पटेल नाराज हो गए और विवाद शुरू हो गया।
पत्रकार और वकील से मारपीट
बताया जा रहा है कि प्रवीण पटेल ने पत्रकार का कॉलर पकड़कर उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे वकील जनक बरेठ से भी हाथापाई की गई। इस दौरान दोनों को चोटें आईं। घटना के समय जिला कृषि अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव भी कार्यालय में मौजूद थे।
CCTV में कैद हुई घटना
पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सामने आ चुकी है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित पत्रकार और वकील ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई की मांग तेज
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पत्रकारों में आक्रोश है। सभी ने दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।





