May 15, 2026

ACB की बड़ी कार्रवाई: BEO 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, सहयोगी भी पकड़ा गया

सारंगढ़-बिलाईगढ़: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में एसीबी बिलासपुर की टीम ने बरमकेला खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र जांगड़े को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने एक शिक्षक से मार्च माह का रुका हुआ वेतन जारी करने के एवज में 5-5 हजार रुपये, कुल 10 हजार रुपये की मांग की थी। इस मामले में संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली के शिक्षक निरंजन बरिहा ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे अपने साथी शिक्षक मुकेश सोना के साथ इलाज के लिए रायगढ़ गए थे, लेकिन देर से लौटने पर उनकी गैरहाजिरी दर्ज कर ली गई और वेतन रोक दिया गया।

जब दोनों शिक्षक वेतन जारी कराने के लिए बीईओ से मिले, तो उनसे रिश्वत की मांग की गई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।

योजना के तहत शिकायतकर्ता को बरमकेला स्थित कार्यालय भेजा गया, जहां जैसे ही नरेंद्र जांगड़े ने रिश्वत की राशि लेकर दराज में रखी, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से 10 हजार रुपये बरामद किए गए।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के शिक्षकों में राहत का माहौल है। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने एसीबी की इस कार्रवाई की सराहना की है।

एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी शासकीय अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।