सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में तालाब में मछली पकड़ने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जहां दोनों ओर से लाठी-डंडे चले। घटना में बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, विवाद तालाब में मछली मारने को लेकर शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया और लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।





