July 31, 2026

इमली की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 94 किलो गांजा, पुलिस ने 9.40 लाख का माल किया जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। करीब 9.40 लाख रुपये मूल्य के इस गांजे के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आयशर ट्रक में इमली की बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर तस्करी कर रहे थे। मामला डोंगरीपाली थाना क्षेत्र का है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक आयशर ट्रक में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर 29 जून को सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग स्थित डोंगरीपाली मोड़ के पास घेराबंदी कर UP30 DT 5256 नंबर के आयशर ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

इमली की बोरियों के नीचे मिला गांजा

जांच के दौरान ट्रक में करीब 12 टन इमली की बोरियों के नीचे 94 किलो अवैध गांजा छिपाकर रखा गया था। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 9.40 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त आयशर ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

इस कार्रवाई में पुलिस ने झारखंड निवासी जगत मोदक और मध्यप्रदेश निवासी सुनील बर्मा को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।