सारंगढ़–बिलाईगढ़: जिले के ग्राम झाल में आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने पड़ोसी परिवार पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी हमले में महिला, उसका बेटा और नाती की मौत हो गई, जबकि महिला का पति और बहू गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह लगभग 4 बजे आरोपी तुलसीदास सारथी धारदार कुल्हाड़ी लेकर परिवार के घर में घुसा और सो रहे सदस्यों पर ताबड़तोड़ वार किया। मृतकों में मंदो बाई (62 वर्ष), उनके बेटे राजेश सारथी (36 वर्ष) और नाती प्रशांत सारथी (9 वर्ष) शामिल हैं। घायल पति कुमार साय सारथी (65 वर्ष) और बहू संजुकता सारथी (30 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना आपसी रंजिश और पिछले विवादों का नतीजा है। बीती रात भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पूरा गांव घटना के बाद दहशत और आक्रोश में है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।





