सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के रायगढ़ रोड स्थित कुशल नगर के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को तेज रफ्तार माजदा वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पिकअप में सवार थे 25 से ज्यादा श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन में 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। सभी महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के पटेरापाली, गाड़ाघाट और बागबाहरा इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी चंद्रपुर में मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रायगढ़ रोड पर कुशल नगर के पास तेज रफ्तार माजदा वाहन ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चार गंभीर घायलों को रायगढ़ रेफर किया गया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 12 से अधिक श्रद्धालुओं का इलाज जारी है। इनमें से चार गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और तेज रफ्तार माजदा की भूमिका कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है।





