सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के दो युवा वुडबॉल खिलाड़ी आकाश दुबे और रजत सिंह को ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल चैंपियनशिप 2025-26 में निर्णायक (रेफरी) की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह प्रतियोगिता 23 से 27 फरवरी तक मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भोपाल में आयोजित की जा रही है।
राष्ट्रीय रेफरी बोर्ड में मिली जगह
वुडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने दोनों राष्ट्रीय खिलाड़ियों को रेफरी बोर्ड में शामिल कर बड़े मंच पर निर्णायक की भूमिका निभाने का अवसर दिया है। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि सरगुजा जिले के लिए भी गौरव का विषय है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि सरगुजा के खिलाड़ी अब सिर्फ खेल प्रदर्शन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल संचालन और तकनीकी दक्षता में भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि आकाश और रजत पहले भी कई राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलतापूर्वक निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं।
65 विश्वविद्यालयों की टीमें ले रहीं हिस्सा
इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में देशभर से लगभग 65 विश्वविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। इतने बड़े आयोजन में सरगुजा के खिलाड़ियों का रेफरी बोर्ड में चयन जिले की खेल प्रतिभा और निरंतर प्रगति को दर्शाता है।
रजत सिंह वर्तमान में के.आर. टेक्निकल कॉलेज में क्रीड़ा अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
खेल संगठनों ने दी शुभकामनाएं
सरगुजा जिला वुडबॉल संघ, सरगुजा जिला बास्केटबॉल परिवार और विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों को उनके चयन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
सरगुजा के युवा खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर खेल के साथ-साथ प्रशासनिक और तकनीकी भूमिकाओं में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है।





