रिश्वत की मांग और धमकियों के आरोप में लखनपुर थाना में प्रधान आरक्षक पन्नालाल के खिलाफ मामला दर्ज
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक युवक ने कथित तौर पर प्रधान आरक्षक की प्रताड़ना और धमकियों से तंग होकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आशीष मिंज के रूप में हुई है।

परिजनों का आरोप है कि लखनपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक पन्नालाल ने आशीष मिंज से 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी और रकम न देने पर उसे उसकी प्रेमिका की आत्महत्या के मामले में फंसाने की धमकी दी। लगातार मानसिक दबाव और धमकियों के चलते आशीष मिंज गहरे तनाव में था, जिसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की शिकायत पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच की गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर लखनपुर थाना में प्रधान आरक्षक पन्नालाल के खिलाफ “आत्महत्या के लिए प्रेरित करने” का मामला दर्ज किया गया।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। परिजन दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





