July 29, 2026

सरगुजा और धमतरी में तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

सरगुजा/धमतरी। छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों में तेज रफ्तार वाहनों का कहर देखने को मिला, जहां हुए दर्दनाक सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सरगुजा में भाजपा बूथ अध्यक्ष को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जबकि धमतरी में राइस मिल कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में जान चली गई।

भाजपा बूथ अध्यक्ष को अज्ञात वाहन ने कुचला

सरगुजा जिले के एनएच-43 स्थित बतौली क्षेत्र में भाजपा बूथ अध्यक्ष शिव मंगल दास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसा शांतिपारा मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां वाहन चालक उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही 112 बतौली की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिव मंगल दास को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने लगातार बढ़ते तेज रफ्तार वाहनों को लेकर यातायात व्यवस्था और नियमों के पालन पर सवाल उठाए हैं।

सड़क हादसे में राइस मिल कर्मचारी की मौत

वहीं धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में भी सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पीपरछेड़ी निवासी नारायण महार अर्जुनी स्थित एक राइस मिल में काम करता था। देर रात काम खत्म कर वह अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान तेलीनसत्ती के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि नारायण महार की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों की तलाश में जुटी हुई है।