March 4, 2026

सरगुजा में ठगी और अपराध का खुलासा: नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, फर्जी जमीन सौदा और चोरी गिरोह गिरफ्तार

जशपुर: नौकरी दिलाने के नाम पर 4.35 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

जिले में नौकरी का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर दो परिवारों से कुल 4 लाख 35 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को होटल से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र में दर्ज मामले के अनुसार, आरोपी प्रदीप पंडा (28), निवासी पुसौर, जिला रायगढ़, के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

16 फरवरी 2026 को ग्राम इचकेला निवासी रोहित खाखा (23) ने शिकायत दर्ज कराई। आरोपी ने उसकी मां से संपर्क कर सुरक्षा गार्ड भर्ती का झांसा दिया। पहले 50 हजार रुपए लिए, फिर जॉइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर 1.50 लाख रुपए और ऐंठ लिए। बेटे की नौकरी की उम्मीद में मां ने जमीन गिरवी रखकर रकम दी।

आरोपी ने एक और पद खाली होने की बात कहकर ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से भी 2.35 लाख रुपए ले लिए। महीनों तक जॉइनिंग लेटर न मिलने और आरोपी के टालमटोल से पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

अंबिकापुर: हमनाम बनकर 29 लाख में बेच दी मृतक की जमीन

लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम लमगांव में जमीन धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों—बंधन उरांव, आकाश दीप कंवर और एक दलाल—को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि असली जमीन मालिक बंधन नागेश की वर्ष 2019 में मृत्यु हो चुकी थी। इसका फायदा उठाकर हमनाम बंधन उरांव ने कूटरचना कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और जमीन 29 लाख 12 हजार रुपए में बेच दी।

सौदे की शुरुआत में 3 लाख रुपए नकद दिए गए, जबकि शेष 26 लाख 12 हजार रुपए कब्जा मिलने पर देने की बात तय हुई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया। चौकी प्रभारी आरएन पटेल ने बताया कि मृतक के नाम जमीन होने के बावजूद वारिसों की जानकारी के बिना रजिस्ट्री कैसे हुई, इसकी जांच जारी है।

अंबिकापुर: गहने चोरी करने वाले गिरोह के 3 सदस्य व ज्वैलरी संचालक गिरफ्तार

खुर्द गोरसीडबरा में घर से गहने चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वैलरी संचालक को गिरफ्तार किया है।

प्रार्थी अनिल कुमार दास ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 फरवरी 2026 को परिवार जगरनाथपुरी दर्शन गया था। 5 फरवरी को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। चोरी गए सामान में सोने-चांदी के गहने और नगदी शामिल थी, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.30 लाख रुपए बताई गई।

थाना गांधीनगर में धारा 331(4), 305(A), 3(5), 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने संदेहियों अतुल तिग्गा, सत्यदीप तिग्गा और राजा लकड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान गोरसीडबरा नाला से बरामद किया गया। साथ ही चोरी के जेवर दुकान संचालक कमल सोनी के कब्जे से जब्त किए गए। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

जशपुरनगर: प्रशासन ने रुकवाया 16 वर्षीय बालिका का विवाह

जिले के फरसाबहार विकासखंड, थाना तुमला क्षेत्र के ग्राम झारमुंडा में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका की शादी प्रशासन ने समय रहते रुकवा दी।

गोपनीय सूचना पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, ICPS टीम, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस और ग्राम पंचायत की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। दस्तावेजों की जांच में बालिका की उम्र 16 वर्ष पाई गई, जो कानूनी विवाह योग्य आयु से कम है।

अधिकारियों ने परिजनों को बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 की जानकारी दी और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। समझाइश के बाद परिजनों ने विवाह स्थगित करने की लिखित सहमति दी। प्रशासन ने बताया कि कम उम्र में विवाह से स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है।