March 3, 2026

सरगुजा। मैनपाट के टाइगर पॉइंट में भीषण आग, दर्जनों दुकानें जलकर राख; व्यापारियों को भारी नुकसान

सरगुजा। सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टाइगर पॉइंट में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

आग ने देखते ही देखते आसपास बनी झोपड़ीनुमा दर्जनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में अधिकांश दुकानें जलकर राख हो गईं।


लपटें देख मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी तेज थीं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल प्रशासन को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकानें जलती हुई दिखाई दे रही हैं।


व्यापारियों को भारी नुकसान

आगजनी की इस घटना से छोटे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।

घटना के बाद क्षेत्र में जांच शुरू कर दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।