March 4, 2026

बोर्ड परीक्षा के पहले दिन हादसा: 12वीं का पेपर देने जा रहे छात्र की मौत, एक गंभीर

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। परीक्षा केंद्र जा रहे दो छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बतौली थाना क्षेत्र के NH-43 मार्ग की है।

गिट्टी में फिसली तेज रफ्तार बाइक

जानकारी के अनुसार बेलकोटा निवासी निष्क एक्का और झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी 12वीं बोर्ड परीक्षा देने बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिपारा–कुनकुरी मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे पड़ी गिट्टी में उनकी बाइक फिसल गई।
तेज रफ्तार के कारण बाइक करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में निष्क एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।

अंबिकापुर रेफर

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आज से शुरू हुई बोर्ड परीक्षा

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जबकि 10वीं बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक चलेगी। परीक्षा के पहले ही दिन हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।