September 4, 2026

सावन क्वींस 2026: ‘ग्रीन कोड’ थीम में सजीं सावन की रानियां, महिलाओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां

रायपुर। राजधानी रायपुर के अमलीडीह स्थित साई ड्रीम्स सोसाइटी की ओर से सावन क्वींस 2026 सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। हर साल की तरह इस वर्ष भी कार्यक्रम उन महिलाओं को समर्पित रहा, जिन्हें घरेलू जिम्मेदारियों के चलते घर से बाहर निकलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का कम अवसर मिल पाता है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘ग्रीन कोड’ थीम रही। इस थीम पर दर्जनों प्रतिभागी हरे रंग की साड़ियों, सूट और आकर्षक आभूषणों में नजर आईं। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सावन के रंग को और भी खूबसूरत बना दिया।

महोत्सव के दौरान महिलाओं ने गीत, नृत्य, कविता पाठ सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कई प्रतिभागियों ने पहली बार मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

साई ड्रीम्स सोसाइटी की आयोजक शैली राय जाधव ने बताया कि सावन क्वींस का आयोजन हर वर्ष महिलाओं को एक ऐसा मंच देने के उद्देश्य से किया जाता है, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ खुद के लिए समय निकाल सकें। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं घर की जिम्मेदारियों के कारण बहुत कम बाहर निकल पाती हैं, ऐसे में यह आयोजन उन्हें खुशी, आत्मविश्वास और अपनी पहचान के लिए एक अवसर प्रदान करता है।

आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को ‘सावन क्वीन’ के खिताब से नवाजा गया।