रायपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा लीक को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में Gen Alpha यानी स्कूली बच्चे अच्छी शिक्षा और शिक्षकों की कमी समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं। इस बीच शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इन प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
स्कूली छात्रों के प्रदर्शन को बताया ‘कांग्रेस जनित’
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सामने आ रहे स्कूली छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के इशारे पर बच्चों को आगे कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कराया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस बच्चों को उकसाकर प्रदर्शन करवा रही है और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इन प्रदर्शनों को कांग्रेस जनित करार दिया।
8 हजार शौचालय निर्माण का किया दावा
गजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार प्रदेशभर में करीब 8 हजार शौचालयों का निर्माण कराने जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर इसका श्रेय लेने की राजनीति करने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है।
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर भी साधा निशाना
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान पर भी मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी लड़ाई कोई नई बात नहीं है। उनके मुताबिक भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच शुरुआत से ही राजनीतिक खींचतान रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार भी एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए दोनों पक्षों की ओर से प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
भाजपा में लगातार होती हैं बैठकें
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में चल रही मैराथन बैठकों को लेकर मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा में लगातार संगठन और कामकाज को लेकर बैठकें होती रहती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभारी जिलों में भी बैठकें आयोजित की जाती हैं और पार्टी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाता है।





