July 23, 2026

SECL गेवरा प्रोजेक्ट में वेतन को लेकर बवाल, भुगतान नहीं मिलने पर 150 ठेका श्रमिकों की हड़ताल

कोरबा। एसईसीएल (SECL) के गेवरा प्रोजेक्ट में SILO और CHP निर्माण कार्य से जुड़े बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के करीब 150 ठेका श्रमिकों ने वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में गुरुवार को श्रमिक चौक पर प्रदर्शन किया। श्रमिकों के काम बंद करने से परियोजना का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।

समझौते के बावजूद नहीं मिला वेतन

श्रमिकों ने बताया कि करीब दो माह पहले भी वेतन भुगतान में देरी को लेकर उन्होंने CGM कार्यालय का घेराव किया था। उस समय SECL के एरिया पर्सनल मैनेजर, बंसल कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच यह सहमति बनी थी कि हर महीने 7 से 10 तारीख के बीच वेतन का भुगतान किया जाएगा। इसके बावजूद इस माह भी तय समय पर वेतन नहीं मिला।

आश्वासन के बाद भी नहीं हुआ भुगतान

श्रमिकों का कहना है कि 10 तारीख को प्रबंधन ने सोमवार से बुधवार के बीच भुगतान करने का भरोसा दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी मजदूरी नहीं मिली। दोबारा पूछने पर अधिकारियों ने कथित तौर पर कहा, “जब पेमेंट आएगा, तब काम पर आना।” इस जवाब से नाराज श्रमिकों ने श्रमिक चौक पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

फिलहाल वेतन भुगतान नहीं होने के कारण श्रमिक काम पर नहीं लौटे हैं, जिससे गेवरा परियोजना का निर्माण कार्य प्रभावित हो गया है।