July 23, 2026

पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा की पत्नी शांति वोरा का निधन, भूपेश बघेल समेत कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक

रायपुर।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता, अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय मोतीलाल वोरा की पत्नी शांति वोरा का सोमवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। रविवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दुर्ग के शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

शांति वोरा के निधन की खबर से कांग्रेस परिवार और उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए लिखा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मोतीलाल वोरा की धर्मपत्नी तथा दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा की पूज्य माता श्रीमती शांति वोरा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शांति वोरा का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और वोरा परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।