दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक रेस्टोरेंट में परोसे गए पिज्जा में लोहे की नुकीली चीज मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने रेस्टोरेंट को नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गंजपारा स्थित Mahaanna Restaurant में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता Ashutosh Saraswat अपने परिवार के साथ खाना खाने पहुंचे थे। खाना परोसे जाने के बाद जब उन्होंने पिज्जा खाना शुरू किया, तभी उनके मुंह में लोहे की कील जैसी नुकीली वस्तु आ गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
पीड़ित अधिकारी ने पहले रेस्टोरेंट प्रबंधन को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि मामले को गंभीरता से लेने के बजाय प्रबंधन ने सिर्फ संबंधित आइटम का पैसा बिल में नहीं जोड़ने की बात कही। इसके बाद अधिकारी ने सीधे दुर्ग कलेक्टर से शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम रेस्टोरेंट पहुंची और पिज्जा सहित अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे। जांच के दौरान रेस्टोरेंट संचालकों ने बताया कि वे पिज्जा बेस बाहर की कंपनी से मंगवाते हैं और केवल टॉपिंग तैयार करते हैं।
खाद्य विभाग ने Mahaanna Restaurant और संबंधित सप्लायर “क्रेजी मेकर्स” को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इधर, घटना सामने आने के बाद गूगल रिव्यू में भी रेस्टोरेंट को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। लोगों ने स्टाफ के व्यवहार, मैनेजमेंट और खाने की गुणवत्ता को लेकर नकारात्मक अनुभव साझा किए हैं।





