राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में प्रसिद्ध कथावाचक Pradeep Mishra की शिवपुराण कथा के आयोजन के नाम पर 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ पूरा मामला?
भोलेनाथ सेवा समिति, अंबागढ़ चौकी ने छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर आरोप लगाया है कि उसने कथा आयोजन के नाम पर कुल 21 लाख रुपये की रकम ली।
समिति के अनुसार, यह राशि दो किश्तों में दी गई—पहले 5 लाख रुपये और फिर 16 लाख रुपये, जो आरोपी की किराना दुकान पर नकद में दिए गए थे।
कथा का आयोजन 8 मई से 14 मई 2026 के बीच तय किया गया था, लेकिन बाद में पता चला कि उसी अवधि में पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम झारखंड के रांची में निर्धारित है।
फर्जी जानकारी और तैयारियां
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने गलत जानकारी देकर समिति को गुमराह किया। यहां तक कि कथा की तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं—पोस्टर, बैनर और निमंत्रण पत्र तक छपवा दिए गए थे।
सीहोर जाकर खुली सच्चाई
मामले की पुष्टि के लिए समिति के सदस्य मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरश्वर धाम पहुंचे, जहां से उन्हें जानकारी मिली कि अंबागढ़ चौकी में प्रस्तावित कथा के लिए कोई बुकिंग या भुगतान नहीं हुआ है।
इसके बाद समिति ने आरोपी से पैसे वापस मांगे, लेकिन लगातार आश्वासन के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद इसे धोखाधड़ी का मामला मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
मामले ने धार्मिक आयोजनों के नाम पर होने वाली आर्थिक धोखाधड़ी पर सवाल खड़े कर दिए हैं, और पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।





