March 3, 2026

CG Today News: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान छत्तीसगढ़ दौरे पर, सीएम साय नारायणपुर में, मनरेगा को लेकर कांग्रेस का चक्काजाम

केंद्रीय कृषि मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा

रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। दोपहर 12:30 बजे वे दुर्ग जिले के कुम्हारी में आयोजित किसान मेला में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ग्राम गिरहोला और खपरी में कृषि फार्म का भ्रमण और पौधरोपण करेंगे। दोपहर 3 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक लेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्य के कृषि मंत्री और ग्रामीण विकास मंत्री शामिल होंगे।


सीएम साय के नारायणपुर दौरे का दूसरा दिन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नारायणपुर दौरे का आज दूसरा दिन है। सीएम सुबह 6 बजे नारायणपुर हाई स्कूल मैदान में आयोजित अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद वे शांत सरोवर बिजली परियोजना और रामकृष्ण आश्रम नारायणपुर पहुंचे।

मुख्यमंत्री सुबह 11:05 बजे हेलीकॉप्टर से नारायणपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। दोपहर 2:25 बजे मंत्रालय महानदी भवन जाएंगे, जहां 2:30 से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम आरक्षित है। इसके बाद शाम 5:55 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।


मनरेगा में बदलाव के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी चक्काजाम

रायपुर। धान खरीदी की मियाद बढ़ाने और मनरेगा कानून में बदलाव के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में मुख्य मार्गों पर चक्काजाम किया। शहरी क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक प्रदर्शन किया गया, जबकि ग्रामीण इलाकों में धान खरीदी को लेकर घेराबंदी की गई।

सभी ब्लॉक और जिला मुख्यालयों में कांग्रेसी धरने पर बैठे और बाद में प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम किया गया। लगभग एक घंटे तक कई जगहों पर आवागमन बाधित रहा। राजधानी रायपुर में भी कांग्रेस ने चारों विधानसभा क्षेत्रों में धरना प्रदर्शन किया।

महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद रायपुर दक्षिण के राजीव गांधी चौक, रायपुर ग्रामीण के बोरियाखुर्द, रायपुर पश्चिम के पहाड़ी चौक और रायपुर उत्तर के फाफाडीह चौक में धरने दिए गए। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने आरोप लगाया कि सरकार ने मनरेगा योजना का मूल स्वरूप बदलकर श्रमिकों के साथ धोखा किया है। प्रदर्शन में पूर्व महापौर एजाज ढेबर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

भागवत कथा
संस्थान – रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम
कथाव्यास – पंडित अखिलेश शास्त्री (वृंदावन)
स्थान – जीई रोड स्थित विवेकानंद आश्रम, सत्संग भवन
समय – शाम 7 से रात 9 बजे तक

वार्षिकोत्सव
संस्था – व्यास विद्यापीठ हायर सेकेंडरी स्कूल
स्थान – मठपारा स्थित कमांडो ग्राउंड
समय – शाम 4 से रात 8 बजे तक

वार्षिकोत्सव ‘युगान्तर’
संस्था – महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज
स्थान – समता कॉलोनी स्थित कॉलेज परिसर
समय – शाम 5 बजे से