किसानों की मांगों पर काम करने के लिए प्रदेश सरकार के साथ गठित होगी कमेटी, धान के बाद दलहन की खेती को बढ़ावा
रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान प्रदेश में आधुनिक तरीकों से की जा रही खेती की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसानों ने उनसे मुलाकात में अपनी विभिन्न मांगें रखी हैं, जिन पर काम करने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी प्रदेश सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।
कृषि मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है, लेकिन सब्जियों का उत्पादन अब आधुनिक तरीकों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेत में एक ही पौधे में ऊपर और नीचे अलग-अलग सब्जियों की खेती भी हो रही है।
किसानों से चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि किसानों ने हाईटेक मंडी और शोध केंद्र स्थापित करने की मांग की है। इस दौरान भारत सरकार के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ यह भी विमर्श किया गया कि नई किस्म के धान कैसे लाए जाएं, बीमारियों का पूर्व अनुमान कैसे लगाया जाए और रोकथाम कैसे की जाए।
कृषि मंत्री ने कहा कि धान की कटाई के बाद खाली पड़े खेतों में अब दलहन की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा और सरकार उचित मूल्य में खरीद करेगी। मूंगफली की खेती पर भी अच्छा काम हो रहा है। किसानों की सभी मांगों, समस्याओं और सुझावों पर जल्द काम करने के लिए अगले सप्ताह टीम गठित की जाएगी।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गरीबों को आवास देने का काम तेजी से हो रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएमजनमन योजना के अंतर्गत लगातार काम जारी है। उनका संकल्प है कि प्रदेश में हर गरीब का अपना छत हो।





