रायपुर। एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीबी-जी राम जी योजना को लेकर विरोध कर रही कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ विरोध करना है, जबकि गरीब, मजदूर और किसानों के लिए यह योजनाएं वरदान हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हमने रोजगार की अवधि 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दी है और हर पैसे का उपयोग गांव के विकास में किया जाएगा। विकसित भारत ग्राम योजना (जी राम जी) के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाएं बनाई जाएंगी, ताकि गांव आत्मनिर्भर और विकसित बन सके।
किसानों और युवाओं से सीधा संवाद
रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान दुर्ग के लिए रवाना हुए। वहां वे किसान मेले में शामिल होंगे, ग्राम गिरहोला और खपरी में कृषि फार्म भ्रमण और पौधरोपण करेंगे। राजधानी रायपुर स्थित मंत्रालय में 31 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कृषि मंत्री राम विचार नेताम के साथ हाई लेवल बैठक करेंगे।
मंत्री ने कहा कि वे किसानों के बीच जाकर प्रगतिशील खेती के प्रयोग देखेंगे और ‘यंग लीडर’ कार्यक्रम के तहत दिल्ली गए युवाओं से संवाद करेंगे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री से भी मिलकर कृषि और ग्रामीण विकास की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। भारत सरकार की योजनाओं को राज्य में बेहतर तरीके से लागू करने पर मंथन होगा। उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अद्भुत काम हुआ है और 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो चुके हैं, जिनका निर्माण कार्य जारी है।
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया
इतिहास में पहली बार रविवार को पेश होने वाले केंद्रीय बजट पर मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है और यह बजट इसे और गति देगा।





