July 31, 2026

PM आवास योजना में छत्तीसगढ़ मॉडल की देशभर में सराहना, शिवराज सिंह चौहान ने की मटेरियल बैंक की तारीफ

रायपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ के मटेरियल बैंक मॉडल की सराहना की। उन्होंने इसे हितग्राहियों के लिए उपयोगी और नवाचारपूर्ण पहल बताते हुए अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायी मॉडल बताया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का मटेरियल बैंक मॉडल प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को घर निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध करा रहा है। इससे निर्माण सामग्री जुटाने में आने वाली परेशानियां कम हुई हैं और मकान निर्माण की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज, सुगम और किफायती बनी है।

उन्होंने बताया कि मटेरियल बैंक के माध्यम से लाभार्थियों को सीमेंट, सरिया, ईंट, गिट्टी, रेत सहित अन्य आवश्यक निर्माण सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि परिवहन लागत भी कम हो रही है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस व्यवस्था से निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में भी मदद मिल रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण आवास निर्माण के क्षेत्र में एक प्रभावी मॉडल बताया।