रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ‘वीबी जी राम जी’ के माध्यम से सरकार मनरेगा की कमियों को दूर करते हुए गरीबी मुक्त और स्वावलंबी गांव बनाने के संकल्प को पूरा कर रही है। इस रिफॉर्म के तहत 125 दिन की रोजगार गारंटी देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं और ‘वीबी जी राम जी’ अधिनियम देशभर में लागू किया जा रहा है।
रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा
डोंगरगढ़ (राजनांदगांव) में आयोजित अखिल भारतीय विश्वगुरु जैनाचार्य विद्यासागर समाधि स्मारक महोत्सव में शामिल होने के लिए एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि यह सुधार ग्रामीण रोजगार व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ गांवों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
मिलावटी कीटनाशकों पर सख्त रुख
कृषि मंत्री ने मिलावटी कीटनाशकों (पेस्टीसाइड) को लेकर कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत विभाग तेजी से काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि घटिया पेस्टीसाइड की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिसे देखते हुए सरकार नया पेस्टीसाइड एक्ट और सीड एक्ट लाने की दिशा में काम कर रही है। इन कानूनों को लेकर जनता से सुझाव भी मांगे जा रहे हैं।
भारत-यूरोपीय संघ समझौते पर क्या बोले मंत्री
भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुए बड़े समझौते को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का निर्माण हो रहा है और “वासुधैव कुटुंबकम्” की भावना के साथ भारत वैश्विक विकास में योगदान दे रहा है।
कृषि क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की कृषि विकास दर अभूतपूर्व स्तर पर है और यह हरित क्रांति के दौर से भी तेज गति से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि चावल उत्पादन में भारत अब पहले स्थान पर पहुंच चुका है, जो कृषि क्षेत्र की मजबूती का प्रमाण है।





