March 5, 2026

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला पहली बार रायपुर पहुंचे, बच्चों के लिए ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम का शुभारंभ

रायपुर: एक्सिओम-4 मिशन में पायलट की भूमिका निभाने वाले अंतरिक्ष यात्री और अशोक चक्र से सम्मानित शुभांशु शुक्ला मंगलवार को पहली बार छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। उन्होंने नवा रायपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी में ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने बताया कि मिशन के बाद यह उनकी पहली छत्तीसगढ़ यात्रा है। उन्होंने कहा कि बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति उत्साह बढ़ाना बेहद जरूरी है और इससे देश को भी लाभ मिलेगा।

शुभांशु शुक्ला ने कहा कि मध्यभारत क्षेत्र में स्पेस शिक्षा की कमी है। बच्चों को विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में सही जानकारी देना आवश्यक है। जानकारी होने पर बच्चे अपना करियर सोच-समझ कर चुन सकते हैं और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने केंद्रीय बजट में अंतरिक्ष क्षेत्र के आवंटन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट अंतरिक्ष मिशन की सफलता के लिए सरकार का सहयोग है और इस तरह के समर्थन से अंतरिक्ष क्षेत्र में मेहनत और बढ़ती है।

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के बारे में जानें:

  • मूल रूप से लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले। 12वीं के बाद नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में प्रवेश और ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त।
  • 2006 में भारतीय वायुसेना में शामिल।
  • 2019 में गगनयान मिशन के लिए चुने गए। एक्सिओम-4 मिशन में पायलट।
  • 26 जनवरी गणतंत्र दिवस 2026 पर अशोक चक्र से सम्मानित।
  • 2027 में लॉन्च होने वाले गगनयान मिशन के लिए वायुसेना के चार पायलट्स में शामिल।