May 18, 2026

मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने पीएम मोदी को दिया बेटी के विवाह का निमंत्रण

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के घर जल्द ही शहनाई गूंजने वाली है। उनकी पुत्री डॉ. कंचन जायसवाल के विवाह को यादगार बनाने के लिए मंत्री जायसवाल ने दिल्ली पहुंचकर संसद भवन में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें विवाह का निमंत्रण पत्र सौंपा।

इस दौरान मंत्री जायसवाल अपनी पत्नी कांति जायसवाल, बेटी डॉ. कंचन जायसवाल और पुत्र उत्तम जायसवाल व अमित जायसवाल के साथ उपस्थित रहे। एक भावुक क्षण में प्रधानमंत्री मोदी ने कंचन जायसवाल को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री के आत्मीय और सहज व्यवहार से पूरा परिवार भाव-विभोर हो गया।

मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का व्यक्तित्व प्रेरणादायक है—जहां एक ओर उनका अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण स्पष्ट दिखता है, वहीं एक अभिभावक के रूप में उनका स्नेहिल व्यवहार दिल को छू लेने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मिला आशीर्वाद उनकी पुत्री के लिए अनमोल है।

बताया जा रहा है कि डॉ. कंचन जायसवाल का विवाह इंदौर निवासी एक पायलट के साथ तय हुआ है। विवाह समारोह 26 अप्रैल को आयोजित होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

दिल्ली प्रवास के दौरान मंत्री जायसवाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रभारी नितिन नवीन सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करेंगे।