July 23, 2026

सिलयारी नाबालिग दुष्कर्म मामले में आठवां आरोपी गिरफ्तार, सौदेबाजी में शामिल होने का आरोप

धरसींवा। सिलयारी क्षेत्र के चर्चित नाबालिग दुष्कर्म मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आठवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने भूषण यादव उर्फ चबन्नी को हिरासत में लिया है। आरोप है कि वह मामले को दबाने और समझौता कराने के लिए की गई कथित सौदेबाजी में शामिल था।

पुलिस इससे पहले इस मामले में कथित पत्रकार, राजनीतिक दलों से जुड़े कुछ पदाधिकारियों, दुष्कर्म के मुख्य आरोपियों तथा पीड़िता के परिजन सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं मामले की जांच में लापरवाही के आरोप में सिलयारी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

नाबालिग से दुष्कर्म मामला: सौदेबाजी का एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक बीजेपी-कांग्रेस नेता और कथित पत्रकार समेत आठ आरोपी जा चुके हैं जेल

सौदेबाजी के खुलासे के बाद तेज हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद उसे दबाने और समझौता कराने के प्रयास किए गए थे। मामला सार्वजनिक होने के बाद रायपुर ग्रामीण पुलिस ने इसकी गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। इसके बाद मामले की विवेचना धरसींवा थाना प्रभारी को सौंपी गई और संबंधित चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर ऐसी जानकारी मिली कि मामले को दबाने के लिए आर्थिक लेन-देन और सौदेबाजी की गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने एक-एक कर आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू की और अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस जांच के दौरान एक वायरल वीडियो भी चर्चा का विषय बना, जिसमें कथित रूप से कुछ लोगों के बीच नकदी का लेन-देन दिखाई देने का दावा किया गया। इसी वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ा तथा सौदेबाजी में शामिल बताए जा रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई।

चौकी प्रभारी पहले ही निलंबित

मामले की जांच में लापरवाही पाए जाने पर उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायपुर (ग्रामीण) से संबद्ध किया गया था। साथ ही पूरे मामले की प्रारंभिक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।

पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।