January 16, 2026

अछोटी स्थित अभ्युदय संस्थान के रजत जयंती उत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ

अछोटी स्थित अभ्युदय संस्थान के रजत जयंती उत्सव 2026 का शुभारंभ हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन की शुरुआत आकर्षक प्रदर्शनी के उद्घाटन और स्मारिका विमोचन के साथ की गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन अमरकंटक स्थित दिव्य पथ संस्थान की अध्यक्ष डॉ शारदा शर्मा ने किया, जबकि रजत जयंती स्मारिका का विमोचन छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने किया।

इस अवसर पर डॉ रमन सिंह सपरिवार कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन के दौरान संस्थान की 25 वर्षों की यात्रा पर आधारित विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसकी डॉ रमन सिंह ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।

मानवीय मूल्यों के निर्माण में अभ्युदय का योगदान सराहनीय : डॉ रमन सिंह

डॉ रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य और अभ्युदय संस्थान—दोनों ने 25 वर्षों की महत्वपूर्ण यात्रा पूरी की है। अभ्युदय संस्थान ने मध्यस्थ दर्शन के माध्यम से मानवीय मूल्य आधारित समाज के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है, जिसके कारण इसकी पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनी है।
उन्होंने कहा कि अभ्युदय संस्थान उनके परिवार का अभिन्न अंग है, इसलिए वे अपने परिवार के साथ यहां उपस्थित हुए।

इस अवसर पर वीणा सिंह ने कहा कि चेतना विकास मूल्य शिक्षा का लोकव्यापीकरण ही मानवता के कल्याण का मार्ग है और अभ्युदय संस्थान इस दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

उद्घाटन सत्र में विद्वानों ने साझा किए विचार

उत्सव का उद्घाटन सत्र डॉ शारदा शर्मा (अंबा दीदी) के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस सत्र में मध्यस्थ दर्शन के प्रकाश में चेतना विकास मूल्य शिक्षा विषय पर

  • वरिष्ठ अध्येता सुरेंद्र पाल,
  • एनआईटी रायपुर के डायरेक्टर इनचार्ज डॉ समीर बाजपेई,
  • सीवी रमन यूनिवर्सिटी बिलासपुर के कुलपति डॉ पीके घोष,
  • SCERT के चेतना विकास मूल्य शिक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी के.के. साहू,
  • अभिभावक विद्यालय अछोटी की अनिता शाह
    ने अपने विचार, अनुभव और उपलब्धियां साझा कीं।

स्मारिका विमोचन, बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति

इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, नगर पालिका अहिवारा अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा, साहू समाज प्रदेश अध्यक्ष नीरेंद्र साहू की विशेष उपस्थिति में रजत जयंती उत्सव स्मारिका का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 20 वन विद्या केंद्रों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, समाजसेवी तथा रायपुर और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लगभग 1000 गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समापन समारोह में शिक्षा मंत्री होंगे शामिल

रजत जयंती उत्सव के दूसरे दिन सुबह 9 से 11 बजे अभ्युदय संस्थान से प्रेरित 20 वन केंद्रों की प्रस्तुतियां और परिवार मूलक स्वराज्य व्यवस्था पर परिसंवाद आयोजित होगा। इसमें पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, IASE यूनिवर्सिटी सरदारशहर के चांसलर हिमांशु दुग्गड़, मानव तीर्थ प्रमुख डॉ साधन भट्टाचार्य सहित अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।

उत्सव का समापन शाम 4 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा, जिसमें स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि तथा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।