March 4, 2026

SIR के तहत कटे नामों पर दावा-आपत्ति का आज आखिरी मौका, रायपुर में 1.33 लाख को भेजा गया नोटिस

रायपुर:
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं, उनके लिए अब समय बेहद कम बचा है। मतदाता सूची में नाम कटने पर दावा-आपत्ति करने के लिए सिर्फ एक दिन का समय शेष है। चुनाव विभाग के अनुसार 22 जनवरी तक ही आपत्ति दर्ज की जा सकती है, इसके बाद किसी भी तरह का दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं किया जाएगा।

रायपुर में 1.33 लाख लोगों को नोटिस

रायपुर जिले में करीब 1.33 लाख मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अब तक सिर्फ 30 फीसदी लोगों ने ही जवाब दिया है। मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 13 दस्तावेजों के माध्यम से अपना जवाब जमा कर सकते हैं।

अधिकारियों का कहना है कि जिन मतदाताओं ने गणना पत्र नहीं भरा था या जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया, वे अपना नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा कर सकते हैं।

नए आवेदन में ज्यादा रुचि

नोटिस का जवाब देने की तुलना में लोग नए आवेदन करने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। राज्यभर में अब तक—

  • 1,42,866 लोगों ने नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया है।
  • 4,243 लोगों ने नाम विलोपन का आवेदन दिया।
  • 42,202 लोगों ने नाम सुधार के लिए फॉर्म भरा है।

14 फरवरी तक होगी सुनवाई

जिन मतदाताओं ने नोटिस का जवाब दे दिया है, उनकी सुनवाई 14 फरवरी तक पूरी की जाएगी। दावा-आपत्ति की समय सीमा खत्म होने के बाद प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।

यदि कोई मतदाता अपने विवरण में संशोधन कराना चाहता है तो उसे घोषणापत्र के साथ फार्म-8, और किसी नाम पर आपत्ति या विलोपन के लिए फार्म-7 जमा करना होगा।
सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 21 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

राजनीतिक दलों ने लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत कई राजनीतिक दलों ने आरोप लगाया है कि रायपुर सहित कई जिलों में लाखों मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे गए हैं।

पार्टियों का कहना है कि कई बीएलओ ने सही तरीके से सत्यापन नहीं किया। घर से बाहर गए लोगों को भी शहर से बाहर शिफ्ट बताकर नाम काट दिया गया। आरोप है कि समय बचाने के लिए कई जगह मतदाताओं की ठीक से तलाश ही नहीं की गई।

इसी मुद्दे को लेकर कई जिलों में धरना-प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।