अंबिकापुर। सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार के बीच विवाद अब प्रदेशभर में तूल पकड़ता जा रहा है। नायब तहसीलदार से कथित मारपीट के विरोध में छत्तीसगढ़ के 500 से ज्यादा तहसीलदार शुक्रवार को हड़ताल पर चले गए, जिससे रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में राजस्व कामकाज प्रभावित रहा। तहसीलदार संघ विधायक की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
मामला सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित राजापुर उप तहसील का है। नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोप लगाया है कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। शिकायत के बाद विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं विधायक की बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक, विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन से जुड़े शाख शोध पत्र के लिए 14 मई को फाइल जमा की थी। आरोप है कि कई दिनों से काम नहीं होने पर वे 27 मई को फिर उप तहसील कार्यालय पहुंचीं। सीमा धनकी का कहना है कि हस्ताक्षर कराने की बात कहने पर नायब तहसीलदार भड़क गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए कार्यालय से बाहर जाने को कहा।
इसकी जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को मिलने के बाद उनके समर्थक उप तहसील पहुंच गए। आरोप है कि शाम को विधायक ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीलदार को दोबारा राजापुर बुलाया। वहां विधायक और समर्थकों ने उनसे बहन के साथ कथित अभद्रता को लेकर सवाल किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। नायब तहसीलदार का आरोप है कि विधायक समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की, जबकि एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव कर उन्हें वहां से बाहर निकाला।
वहीं विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा है कि वे खुद गिरफ्तारी देने थाने जाएंगे। उन्होंने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह सुशासन की सरकार है, जहां उनके खिलाफ भी FIR दर्ज हुई है, इसलिए वे कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करेंगे। साथ ही उन्होंने कांग्रेस शासनकाल पर भी निशाना साधा।
पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं नायब तहसीलदार तुषार मानिक पर महिला से जुड़े अपराध, सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता और धमकी देने की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।





