बिलासपुर। जिले में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गांजा और प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के अवैध कारोबार में संलिप्त 4 महिलाओं सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 किलो से अधिक गांजा और 2925 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त की है। जब्त टेबलेट की अनुमानित कीमत 11,497 रुपए आंकी गई है।
कई थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
यह कार्रवाई सरकंडा, सिविल लाइन, बेलगहना, सीपत, कोनी, कोटा, रतनपुर, बिल्हा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में की गई। पुलिस ने 12 गांजा तस्करों और 1 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट विक्रेता को गिरफ्तार किया है।
महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार
कोनी पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के मामले में आरोपी महिला पूर्णिमा वर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 256 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 36,000 रुपए आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





