रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन के अंतिम सोमवार को मानसून जमकर बरसा। राजधानी रायपुर में दिनभर हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। रायपुर शहर में 12 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बस्तर संभाग के कई इलाकों में भी जोरदार बारिश हुई। रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक बारिश सामान्य के आसपास है, हालांकि औसत से करीब 4 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
कहां कितनी हुई बारिश
प्रदेश में सबसे अधिक बारिश छोटेडोंगर में 18 सेमी दर्ज की गई। इसके अलावा अंतागढ़ और बास्तानार में 16-16 सेमी, चलगली, माकड़ी, बड़े बचेली, दौरा कोचली और नारायणपुर में 13-13 सेमी बारिश हुई। रायपुर शहर में 12 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर मौसम साफ तो कहीं बादल छाए रहने की संभावना है।
सोमवार को प्रदेश में सक्रिय रहा मानसून
सोमवार को पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय रहा। बस्तर संभाग में अनेक स्थानों पर, जबकि रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज रायपुर में बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह धूप खिली रही, लेकिन मौसम विभाग ने बादल छाने के साथ बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
अगले दो दिन बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बने मौसम सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं।
पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तरी ओडिशा तक द्रोणिका बनी हुई है, जो उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड से होकर करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के असर से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।





