March 4, 2026

दुर्ग के 21 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, 11 बनेंगे स्मार्ट स्कूल

दुर्ग। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र के 21 शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास स्थापित की जा रही है, जबकि 11 स्कूलों को पूर्ण रूप से स्मार्ट स्कूल के तौर पर विकसित किया जाएगा।

इन स्कूलों में अब विद्यार्थी स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर, इंटरनेट और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। इससे बच्चों को तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने उरला, तितुरडीह और शक्तिनगर के स्कूलों का निरीक्षण करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग लगातार डिजिटल संसाधनों को बढ़ाने पर काम कर रहा है। स्मार्ट स्कूल योजना विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने में सहायक होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी स्कूलों की सुविधाएं निजी स्कूलों के स्तर की हों, ताकि सभी वर्गों के बच्चों को समान और बेहतर शिक्षा मिल सके।

यह परियोजना सीएसआर मद से संचालित की जा रही है, जिससे सरकारी स्कूलों में हाईटेक एजुकेशन सिस्टम विकसित किया जा रहा है।

जहां लगेंगी स्मार्ट क्लास

सिकोलाभाठा हाई स्कूल, मिडिल स्कूल शक्तिनगर, प्राथमिक शाला नयापारा, उमावि तकिया पारा, डिपरापारा, सरदार पटेल, लालबहादुर शास्त्री, झुग्गीपारा, पोटियाकला और पूर्व माध्यमिक शाला बोरसीभाठा।