July 23, 2026

सोन नदी एनीकट में मिला अज्ञात युवक का शव, सीने पर ‘जय श्री राम’ का गोदना; पहचान में जुटी पुलिस

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सोन नदी के एनीकट के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के चेहरे पर खून के निशान मिले हैं, जबकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे सोन नदी के एनीकट किनारे एक शव तैरता हुआ दिखाई देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है। हालांकि मृतक के सीने पर ‘जय श्री राम’ लिखा हुआ गोदना मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

मरवाही थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी हो या मृतक की पहचान से संबंधित कोई सूचना हो, तो तत्काल मरवाही थाना या जिला पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।