July 23, 2026

गरियाबंद में सोनम वांगचुक के समर्थन में मानव श्रृंखला, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में सोमवार को सोनम वांगचुक के समर्थन में मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार फिंगेश्वर को ज्ञापन सौंपते हुए केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

लोकतांत्रिक आंदोलन दबाने का लगाया आरोप

प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक के लोकतांत्रिक आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

NEET और पेपर लीक का भी उठाया मुद्दा

प्रदर्शनकारियों ने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।

शिक्षा के बाजारीकरण पर जताई चिंता

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का कहना है कि शिक्षा का बढ़ता बाजारीकरण छात्रों के भविष्य और देश के हित में गंभीर चिंता का विषय है। संगठन ने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया गया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।