May 14, 2026

तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में महिला की मौत, ग्रामीणों का सड़क जाम

सूरजपुर। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। करंजी चौकी क्षेत्र में कोयला लोड ट्रेलर की चपेट में आने से 55 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मुआवजा व सड़क चौड़ीकरण की मांग पर अड़ गए।

मिली जानकारी के अनुसार, मृत महिला करंजी गांव से नावापारा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पैदल जा रही थी। इसी दौरान रेलवे साइडिंग के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और सड़क का जल्द चौड़ीकरण कराया जाए।