NH-53 पर भीषण हादसा, दो युवकों की मौके पर मौत
आरंग क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मंदिर हसौद थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे-53 पर ग्राम उमरिया के पास रेत से भरे एक अनियंत्रित हाइवा ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त, पहचान करना भी मुश्किल
चश्मदीदों के अनुसार हाइवा के भारी पहियों के नीचे आने से युवकों के शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। सड़क पर शवों की हालत इतनी खराब हो गई कि मृतकों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
हादसे के बाद चालक फरार, वाहन मौके पर छोड़ा
दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बाइक सवार थे CG 04 LH 2236, पीछे से मारी टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों युवक होंडा मोटरसाइकिल (CG 04 LH 2236) पर सवार होकर जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार हाइवा (CG 04 QW 9904) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए आगे निकल गया।
रेत परिवहन वाहनों पर उठे गंभीर सवाल
इस हादसे के बाद क्षेत्र में रेत से भरे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ज्यादा फेरे लगाने के दबाव में हाइवा चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, कार्रवाई की मांग तेज
ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्ती से नियंत्रण लगाने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।





