July 29, 2026

तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर: ट्रक और दो बाइक को मारी टक्कर, तीन युवक घायल

रायगढ़। नेशनल हाईवे बायपास रोड पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क पर कहर बरपा दिया। महाना फैब्रिकेशन के पास हुए इस हादसे में ट्रैक्टर ने पहले एक ट्रक को पीछे से टक्कर मारी और फिर दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें एक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि दो के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे ट्रैक्टर तेज गति से बायपास मार्ग पर दौड़ रहा था। इसी दौरान उसने आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ने लगा।

इस दौरान सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल और ओडिशा रोड की ओर जा रही दूसरी बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गईं। अनियंत्रित ट्रैक्टर आखिरकार डिवाइडर से टकराकर रुका।

हादसे में अमरनाथ साहू के सिर में गंभीर चोट आई, जिनके सिर पर सात टांके लगाए गए हैं। वहीं चंद्रशेखर सिदार और पूरन के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं तथा फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। घायलों की उम्र 22 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चंद्रशेखर सिदार को बेहतर इलाज के लिए एक ऑर्थो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं अमरनाथ साहू और पूरन उपचार के बाद घर लौट गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना का कारण ट्रैक्टर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।