July 23, 2026

फ्रांस में एसएस राजामौली को मिला बड़ा सम्मान, ‘मुर डेस सिनेस्टेस’ पर दर्ज हुआ नाम

एंटरटेनमेंट डेस्क। भारतीय फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली को फ्रांस के ल्योन स्थित ल्यूमियर म्यूज़ियम में प्रतिष्ठित ‘मुर डेस सिनेस्टेस’ पर पट्टिका लगाकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान दुनिया के चुनिंदा महान फिल्म निर्माताओं को दिया जाता है। इस मौके पर राजामौली ने म्यूज़ियम और उस स्क्रीनिंग रूम का भी दौरा किया, जहां उनकी फिल्में ‘ईगा’ और ‘आरआरआर’ हाउसफुल शो के साथ प्रदर्शित की गई थीं।

सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव

राजामौली ने सोशल मीडिया पर इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इंस्टीट्यूट ल्यूमियर और कान्स फिल्म फेस्टिवल के डायरेक्टर थिएरी फ्रेमॉक्स ने उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया और सिनेमा के जन्मस्थान मानी जाने वाली ऐतिहासिक सड़क का भ्रमण कराया।

उन्होंने बताया कि जब उन्होंने मार्टिन स्कॉर्सेसे, क्लिंट ईस्टवुड, क्वेंटिन टारनटिनो और फ्रांसिस फोर्ड कोपोला जैसे दिग्गज निर्देशकों के नामों के बीच अपनी पट्टिका देखी तो वे भावुक हो गए।

‘यह पल जीवनभर याद रहेगा’

राजामौली ने कहा कि इस सम्मान को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने इंस्टीट्यूट ल्यूमियर का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह उनके जीवन की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक है और वह इस पल को हमेशा संजोकर रखेंगे।

‘वाराणसी’ होगी अगली फिल्म

राजामौली इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर भी चर्चा में हैं। फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनास और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की पहली झलक एनेसी एनिमेशन फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी है। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।