September 4, 2026

राज्य खेल पुरस्कार 2026 की अंतरिम सूची जारी, चयनित खिलाड़ियों से 23 अगस्त तक दावा-आपत्ति आमंत्रित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण 2026 के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने चयनित खिलाड़ियों की अंतरिम सूची जारी कर दी है। सूची जारी होने के साथ ही विभाग ने खिलाड़ियों से दावा-आपत्ति भी आमंत्रित की है। इच्छुक खिलाड़ी 23 अगस्त 2026 को कार्यालयीन समय तक विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पर विभाग द्वारा विचार नहीं किया जाएगा। खिलाड़ियों को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

इन पुरस्कारों के लिए जारी हुई अंतरिम सूची

संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण छत्तीसगढ़ की ओर से जारी अंतरिम सूची में विभिन्न राज्य खेल पुरस्कारों के लिए चयनित खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी वर्ष 2025-26 शामिल हैं।

विभाग ने खिलाड़ियों को सलाह दी है कि वे जारी अंतरिम सूची का अवलोकन कर लें और यदि चयन से संबंधित कोई दावा या आपत्ति है, तो निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत करें। अंतिम सूची दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।