July 30, 2026

स्कूल में विवाद के बाद छात्र की चाकू मारकर हत्या, तिल्दा क्षेत्र में सनसनी

रायपुर। राजधानी रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, सासाहोली गांव स्थित एक स्कूल में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, कहासुनी के दौरान एक छात्र ने चाकू निकालकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि हमले के दौरान घायल छात्र ने चाकू छीन लिया और जवाबी कार्रवाई में उसी चाकू से दूसरे छात्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरा छात्र भी चाकू लगने से घायल हुआ है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला छात्रों के बीच हुए आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।